
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के मुसिया नगला गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां फुफेरे मामा पर भांजे की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना से शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। जानकारी के अनुसार सत्यपाल पुत्र ओमकार उर्फ पूरन, निवासी ग्राम मई चंदौसी जनपद संभल, अपनी ननिहाल मुसिया नगला गांव में ममेरे भाई की शादी में शामिल होने आया था। शादी समारोह के दौरान किसी बात को लेकर आरोपी पक्ष और दामाद के बीच कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान सत्यपाल बीच-बचाव करने पहुंचा, जिससे गुस्साए आरोपियों ने उसे ही निशाना बना लिया। आरोप है कि मामा समेत अन्य लोगों ने युवक को बेरहमी से पीटा। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में कोहराम छा गया। मृतक के पिता ने सीधे तौर पर फुफेरे मामा पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही बिसौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शनिवार सुबह बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा और मामले की गहन जांच के बाद ही खुलासा हो सकेगा।




