
बिसौली – सोमवार को नगर में बदायूं रोड स्थित फार्म ट्रैक्टर एजेंसी के पास एक भीषण हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार रोडवेज बस और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बिसौली कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान विकाश पुत्र रामपाल निवासी मोतीपुरा के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने रोडवेज बस को भी अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद परिजनों को सूचना दी गयी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




