बिजली का तार टूटने से गेहूं की फसल में लगी आग, बुझाने पहुंचा किसान झुलसा

फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के आसफपुर में शनिवार दोपहर करीब दो बजे अचानक बिजली का तार टूटने से खेत में खड़ी गेहूं की फसल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कई किसानों की फसल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के लिए आसपास के किसान जरीफ पुत्र नसीर, इसरार पुत्र नन्हुकी, सौदान सिंह पुत्र प्रेम सिंह, महबूब पुत्र शहजादे और आले हसन पुत्र मेहदी हसन मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसी दौरान आग बुझाते समय किसान आले हसन तेज लपटों की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को तत्काल स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा अचानक बिजली का तार टूटने से हुआ, जिससे खेतों में खड़ी सूखी गेहूं की फसल ने तेजी से आग पकड़ ली।




