मखदूम सैय्यद मौअज्जम मियां शाह का उर्स कुल शरीफ के साथ संपन्न।
जनेटा। जनपद संभल की तहसील चंदौसी के गांव जनेटा स्तिथ दरगाह जनेटा शरीफ के सालाना चार रोजा उर्स में रविवार को दरगाह के सबसे बड़े बुजुर्ग मखदूम सैय्यद मौअज्जम अली शाह रहमतुल्लाह अलैह के बड़े कुल शरीफ का आयोजन बहुत अकीदत और निहायत शानो शौकत के साथ किया गया । बे शुमार लोगों ने दरवेश के कुल शरीफ की नूरानी महफिल में हिस्सा लिया और दुआ में शरीक हुए । अस्ताने से जुड़े हज़ारों लोग कुल शरीफ में शामिल हुए । इसी के साथ ही सालाना उर्स मुबारक का समापन हो गया। कुल शरीफ में शामिल होने के लिए तमाम दूर दराज इलाकों से बड़ी तादाद में महिला पुरुष हाजिर हुए। शाम तक लोगों के आने का सिलसिला बना रहा। रविवार को सुबह में फजर की नमाज के बाद खत्मे कलाम पाक किया गया। दरगाह पर मुरीद और जायरीन ने हाजरी देकर दुआएं मांगी। कव्वाली का आयोजन हुआ। दोपहर में हजरत मौअज्जम मियां रहमतुल्लाह अलैह का बड़ा कुल शरीफ अदा किया गया। कुल शरीफ के बाद मजार पर चादर पोशी की गई। सलातो सलाम के नजराने पेश किए गए। शजरा शरीफ पढ़ा गया। लंगर बांटा गया। कव्वालों के सूफियाना कलाम सुन कर अकीदतमंद झूम उठे। कुल शरीफ के अंत में सज्जादा नशीन हजरत सैय्यद शाहिद मियां कादरी नौशाही ने देश और कौम की शांति और कामयाबी की दुआ कराई। इस अवसर पर डॉ सैय्यद अकरम मियां, सैय्यद सामी मियां, सैय्यद आमिर मियां, सैय्यद अजमल मियां, सैय्यद कमाल मियां, साहिबे आलम, फरहत अली उर्फ शब्बू चौधरी, फिरोज अहमद, हस्सान खान, मोहम्मद नूर, बशर खान आदि मौजूद रहे।


