पत्रकार पर हमला व झूठी रिपोर्ट दर्ज होने पर पत्रकारों में आक्रोश, एसपी से निष्पक्ष जाँच की मांग
शाहजहाँपुर।
जिले में एक पत्रकार पर हुए हमले और उनके खिलाफ दर्ज की गई कथित झूठी रिपोर्ट को लेकर जनपद के पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को जनपद के सभी पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी से मुलाकात कर पीड़ित पत्रकार को न्याय दिलाने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। दैनिक अखबार से जुड़े पत्रकार अनुज अग्निहोत्री ने बताया कि उनकी पैतृक भूमि पर, जिस पर पिछले 60 वर्षों से उनके पिता और ताऊ खेती करते आ रहे हैं और जो आज भी राजस्व अभिलेखों (रियल खतौनी) में दर्ज है, कुछ लोग 38 वर्ष पुरानी नकलें दिखाकर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। जब उन्होंने और उनके परिवार ने विरोध किया तो आरोपियों ने नाजायज असलहों और लाठियों से लैस होकर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में उनके पिता गंभीर रूप से घायल होकर कई घंटे तक बेहोश रहे। पिता और भाई का इलाज शनिवार से जिला अस्पताल में चल रहा है।पत्रकार अनुज ने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने हकीकत को नजरअंदाज करते हुए उनके ही खिलाफ कई गंभीर धाराओं में फर्जी मुकदमा दर्ज कर लिया। उन्होंने कहा कि यह रवैया बेहद अन्यायपूर्ण और चिंताजनक है। इस मामले में जनपद के समस्त पत्रकारों ने कौशलेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच व दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की इस मौके पर अरविंद त्रिपाठी, रोहित पांडे, अभिनव गुप्ता समेत कई पत्रकार मौजूद रहे। पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।
रिपोर्ट: अवनीश यादव/शाहजहांपुर


