होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025: डीएम-एसएसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण, नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा पर जोर
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बदायूँ। जनपद में आयोजित उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट- 2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, प्रश्न पत्र वितरण, सीसीटीवी निगरानी सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने विशेष रूप से नकल रोकने के लिए सख्त कदम उठाने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत रखने तथा संवेदनशील केंद्रों पर विशेष नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।



