
बिसौली। बुध बाज़ार फीडर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। बिजली आपूर्ति ठप होने पर लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि आखिर शिकायत किससे की जाए। हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने पर उपभोक्ताओं को स्थानीय कर्मचारियों से बात करने की सलाह दी जाती है, जबकि स्थानीय स्तर पर भी कई बार स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाती।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि संविदा कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय की कमी और नोकझोंक का खामियाज़ा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। बीती रात बुध बाज़ार फीडर की बिजली आपूर्ति लगभग चार घंटे तक बाधित रही, जिससे भीषण गर्मी और उमस में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए उपभोक्ताओं ने लगातार फोन किए। मामला एसडीओ और एक्सईएन स्तर तक भी पहुँचा, जिसके बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी।
क्षेत्र के लोगों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि शिकायत निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए तथा यह स्पष्ट किया जाए कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में उपभोक्ता किस अधिकारी या कर्मचारी से संपर्क करें, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।



