बदायूं
Trending

जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों की समस्याएं सुनीं

बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

 

बदायूँ:। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बदायूँ की सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश आंचल राना धवन ने शनिवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दण्ड प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा 436ए से आच्छादित ऐसे बंदियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जो अपनी सजा की आधी अवधि से अधिक समय कारागार में व्यतीत कर चुके हैं। साथ ही ऐसे बंदियों की रिहाई के संबंध में की गई कार्रवाई का विवरण भी उपलब्ध कराने के निर्देश अधीक्षक जिला कारागार को दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला कारागार की पाकशाला एवं समस्त बैरकों का निरीक्षण किया तथा परिसर में निरंतर साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कारागार में निरुद्ध बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही बंदियों को उनके विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने जरूरतमंद बंदियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने, जमानतदार की व्यवस्था कराने तथा बंदियों को नियमित रूप से दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त महिला बंदियों के साथ रह रहे छोटे बच्चों के लिए दूध की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कारागार के अधीक्षक राजेन्द्र कुमार, कारापाल शैलेश कुमार शंकर, उपकारापाल कमल चन्द, चिकित्साधिकारी डॉ0 बलराम सिंह यादव, फार्मासिस्ट शशिकान्त, अध्यापक नवनीत सक्सेना सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के डिप्टी चीफ एलएडीसी सत्यवीर सिंह, असिस्टेंट एलएडीसी राकेश कुमार यादव एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

—–

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!