दबतोरी क्षेत्र के सिरसांवा मढ़ी पर बने मंदिर से नागदेवता की मूर्ति समेत हजारों का माल चोरी, पुलिस जांच में जुटी, देर रात अज्ञात चोरों ने आंधी-तूफान आने के बाद चोरी की घटना को दिया अंजाम
बिसौली / दबतोरी से विजय भान सिंह की रिपोर्ट
बदायूं । कोतवाली बिसौली क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिरसांवा में रविवार की सांय अज्ञात चोरों ने बाबा नारायण दास मढ़ी पर बने शिव मंदिर पर चोरी की घटना को अंजाम दिया और नागदेवता की मूर्ति समेत घंटा सहित पीतल का कलश भी चोरी कर ले गए । दबतोरी – आसफपुर मुख्य मार्ग पर बाबा नारायण दास मढ़ी सिरसांवा गांव के नजदीक बनी हुई है । क्षेत्र के लोग बढ़ी संख्या में इस मढ़ी पर बने प्राचीन शिव मंदिर पर पूजा अर्चना करने भक्त आते हैं । आए दिन दूर दराज के लोग अपनी मनौती मांगने के लिए आते हैं और भजन कीर्तन भी करते हैं । रविवार देर सायंकाल के समय क्षेत्र में तेज आंधी आई थी और हल्की बूंदाबांदी भी हुई थी । इसी बीच लोग घरों में सुरक्षित कैद रहे । इसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने नांग देवता की मूर्ति और पीतल का कलश समेत भारी घंटा भी चोरी कर ले गए । सोमवार को सुबह जब ग्रामीण पूजा करने शिव मंदिर पहुंचे तो मूर्ति गायब मिली । चोरी की घटना सुनकर बढ़े पैमाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थानीय पुलिस को सूचना भी दी । सूचना मिलते ही चौकी दबतोरी पर तैनात दरोगा हितेश चौहान पुलिस के जवानों के साथ मौके पर पहुंच गए और पूरी घटना की जानकारी जुटाई । इस मढ़ी पर सिरसांवा के बाबा जगदीश गिरि और चम्दास देखरेख करते हैं जो आंधी बारिश आने से पहले अपने घर आ चुके थे इसके बाद चोरी घटना को चोरों ने अंजाम दिया है । सिरसांवा के मनीराम यादव, शिव पाल सिंह, हरिवीर सिंह, बंटी यादव, देशराज, थीरज आदि लोग मौके पर पहुंचे।


