
बरेली।
सुभाषनगर क्षेत्र में कथित तौर पर किन्नर बनकर नेग मांगने का मामला सामने आया है। इसको लेकर गुरु पूनम किन्नर की शिष्यों ने वीडियो जारी कर जजमानों से सतर्क रहने की अपील की है। उनका आरोप है कि कुछ महिलाएं खुद को किन्नर बताकर लोगों से अधिक नेग मांग रही हैं। इससे किन्नर समुदाय की छवि प्रभावित हो रही है।
शिष्यों के मुताबिक, सुभाषनगर, मढ़ीनाथ, जंक्शन रोड, सिविल लाइंस, साहूकारा और कोहाड़ापीर समेत कुछ क्षेत्रों में उनके जजमान हैं। उनका कहना है कि कुछ जजमानों ने ऐसी महिलाओं के नेग मांगने को लेकर शिकायत की है। आरोप है कि ये महिलाएं कभी-कभी पुरुषों को साथ लेकर पहुंचती हैं और अधिक रकम की मांग करती हैं।
वीडियो के जरिए शिष्यों ने जजमानों से अपील की है कि नेग मांगने आने वाले लोगों की पहचान को लेकर संदेह होने पर सतर्क रहें और किसी भी तरह की अनुचित मांग या विवाद की स्थिति में पुलिस को सूचना दें। उनका कहना है कि कथित गतिविधियों के कारण पूरे किन्नर समुदाय की छवि पर असर पड़ सकता है।
हालांकि, जिन महिलाओं पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उनका पक्ष सामने नहीं आया है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है। मामले में पुलिस की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।
सूत्र


