सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सम्मेलन में बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का हुआ सम्मान!
सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट
सम्भल जिला मुख्यालय बहजोई में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज डीआर रिसोर्ट, बहजोई में जनपद स्तरीय आंगन मिलन सम्मेलन का आयोजन जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि . माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गुलाब देवी रहीं। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेन्द्र सिंह ‘रिंकू’ एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी रहे।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए गए तथा नवीन पोषाहार से तैयार विभिन्न व्यंजनों की प्रदर्शनी एवं रेसिपी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन अन्य आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।
भारत की मिट्टी’ गतिविधि ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों पर शालापूर्व शिक्षा के अंतर्गत संचालित ‘भारत की मिट्टी’ गतिविधि के तहत बच्चों द्वारा तैयार मिट्टी के खिलौने, मूर्तियां एवं बर्तन आदि प्रदर्शित किए गए। कार्यक्रम में चयनित बच्चों को आमंत्रित कर मिट्टी से विभिन्न कलाकृतियां बनवाई गईं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।हेल्दी बेबी प्रतियोगिता के अंतर्गत 8 बच्चों को उनकी माताओं के साथ आमंत्रित कर वजन एवं लंबाई का परीक्षण किया गया। इनमें से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों की माताओं को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी आयोजित की गई।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, माताओं एवं बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए पोषण, शालापूर्व शिक्षा एवं बाल विकास गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डीपीओ आईसीडीएस महेश कुमार,सीडीपीओ रचना यादव, संबंधित विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं उनके परिजन आदि उपस्थित रहे।
