नगर में धूमधाम से हर्षोल्लास के साथ मनाई गई महाराजा अग्रसेन की जयंती,,अग्रोदय पत्रिका का किया गया अनावरण
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

बिसौली। नगर की श्री रामकृष्ण दास अग्रवाल धर्मशाला में महाराजा अग्रसेन जयंती अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजय कुमार अग्रवाल एवं सीमा अग्रवाल के साथ अग्रवाल समाज ने शिव मंदिर में प्रथम गणेश पूजन किया। इस दौरान अतिथियों द्वारा अग्रोदय पत्रिका का अनावरण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि अग्रवाल सभा चंदौसी के अध्यक्ष ओमप्रकाश, अग्रवाल सेवा समिति उझानी के अध्यक्ष बृजेंद्र कुमार गोयल एवं अग्रवाल सभा बदायूं के अध्यक्ष विपिन कुमार अग्रवाल द्वारा पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर और महाराजा अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान पर वक्ताओं ने महाराजा अग्रसेन के जीवन, उनके आदर्शों, समाजवाद, और उनके द्वारा स्थापित व्यापारिक व सामाजिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अग्रसेन महाराज के मार्ग पर चलकर ही समाज को सशक्त और संगठित बनाया जा सकता है। समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों और बुजुर्गों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी। भक्ति और देशभक्ति से परिपूर्ण प्रस्तुत भजनों और सांस्कृतिक गीतों ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। लघु नाटिकाओं और पारंपरिक नृत्यों ने सभी की खूब वाहवाही बटोरी। इस मौके पर समाज के बुजुर्ग संगीता गोयल सुषमा अग्रवाल मंजू अग्रवाल एवं आनंद कुमार अग्रवाल को सम्मानित किया गया। समारोह का संचालन डॉ. राशि गर्ग एवं सोहेल अग्रवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में समाज के तमाम गणमान्य लोग, महिलाएं और युवा भारी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया और समाज के उत्थान में सराहनीय योगदान देने वाले महानुभावों को सम्मानित भी किया गया। अंत में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजय कुमार अग्रवाल ने समारोह में उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया।


