शिकायत के बाद भी नहीं पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी, हड़वार (ग्राम समाज) की भूमि पर अवैध कब्जे से ग्रामीण परेशान
बिल्सी से भानू प्रताप की रिपोर्ट

बिल्सी : तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बिचौला परगना कोट में ग्राम समाज की हड़वार (मृत जानवरों को डालने की भूमि) की जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। स्थिति यह है कि प्रशासन के पास लगातार शिकायतें करने के बावजूद अब तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
चकमार्ग और हड़वार की भूमि पर अवैध कब्जा
प्रार्थी प्रहलाद पुत्र झण्डूराम, निवासी ग्राम वनबेहटा द्वारा तहसील दिवस में दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम बिचौला की ग्राम समाज की भूमि (गाटा संख्या- 88, रकवा 0.020 हेक्टेयर, जो कि ‘हड़वार’ के रूप में दर्ज है) पर गांव के ही एक दबंग व्यक्ति (नन्हें पुत्र दंसी ) द्वारा अपनी हेकड़ी और दबंगई के बल पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने न केवल हड़वार की भूमि को जोतकर अपने खेत के रकवे में मिला लिया है, बल्कि इसके बराबर में स्थित सार्वजनिक चकमार्ग को भी तोड़कर अपने खेत में शामिल कर लिया है।
मृत जानवरों को डालने के लिए बची नहीं जगह, ग्रामीण परेशान
हड़वार की जमीन पर अवैध कब्जा होने के कारण पूरे गांव के सामने एक गंभीर संकट खड़ा हो गया है। गांव में मृत जानवरों को डालने के लिए अब कोई भी उचित जगह नहीं बची है, जिसके चलते ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूर ग्रामीणों और पीड़ित पक्षों ने इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों और प्रार्थी ने जिला प्रशासन व तहसील प्रशासन से मांग की है कि गाटा संख्या- 88 (हड़वार) और चकमार्ग की भूमि को तत्काल प्रभाव से अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए। साथ ही, सार्वजनिक संपत्ति पर अवैध कब्जा करने वाले दबंग के विरुद्ध उचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को इस समस्या से निजात मिल सके।

