सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 96 वाहनों के चालान
आसफपुर से दानवीर सिंह की रिपोर्ट
बदायूँ, बुधवार को सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत हरिओम सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी(प्रशासन/प्रवर्तन) बदायूं एवं अभिनव चौधरी यात्री/मॉल कर अधिकारी बदायूं के द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 96 वाहनों के चालान किए गए।
अभियान के अंतर्गत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने तथा रॉन्ग साइड में वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए बताया गया कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग सड़क दुर्घटना के दौरान गंभीर चोटों और जान-माल के नुकसान की आशंका को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग तथा रॉन्ग साइड में वाहन चलाना स्वयं चालक के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है।
परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा निर्धारित दिशा में ही वाहन चलाएं।
परिवहन विभाग का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा करना है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
जनहित में जारी।


