सपा की पीडीए बैठक में पहुंचे सांसद धर्मेंद्र यादव!
सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट
बनियाखेड़ा (सम्भल) बनियाखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र में आज समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव और बिलारी विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान क्षेत्र के ग्राम कुढ़फत्तेगढ़ स्थित एमएस शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में आयोजित पीडीए बैठक में पहुंचे। यहां सपा कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर और पुष्पवर्षा कर दोनों नेताओं का स्वागत किया। बैठक में आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की गई।बैठक को संबोधित करते हुए सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जनता के वोटों की रक्षा के लिए कई स्तरों पर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट काटने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव जैसी एकजुटता वर्ष 2027 के विधान सभा चुनाव में भी बनाए रखने का आह्वान किया।सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि यह चुनाव केवल जीत-हार का नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा और जनता के अधिकारों को सुरक्षित रखने का भी है। उन्होंने पीडीए परिवार का विस्तार करने और आपसी एकता को मजबूत बनाने पर जोर दिया। साथ ही शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर अली को जिताने तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बिलारी से सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान के समर्थन में एकजुट होकर काम करने की अपील की।सांसद ने विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान की सराहना करते हुए कहा कि उनमें सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता और महारत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।इस अवसर पर विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने कहा कि वर्ष 2027 में अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव की ओर देख रही है और कार्यकर्ताओं को पूरी मजबूती के साथ पार्टी के लिए काम करना चाहिए। बैठक में जिलाध्यक्ष मुरादाबाद जयवीर सिंह यादव, संभल जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, बदायूं जिलाध्यक्ष रिजवान, पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश प्रजापति, विधायक प्रतिनिधि खुशनवाज खान, जिला सचिव कसीम आजाद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राहुल यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष कलीम नूरी, विधानसभा अध्यक्ष व्यापार सभा चिराग अग्रवाल, विधानसभा अध्यक्ष लोहिया वाहिनी सद्दाम सैफी, ग्राम प्रधान रविंद्र चौधरी, जीशान प्रधान, पूर्व प्रधान हसनैन अहमद, सभासद आमिल सिद्दीकी, सभासद जरीफ अंसारी, विश्वजीत सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




