इंस्पेक्टर वेदपाल सिंह व पुलिस टीम ने रेत (बालू) से भरे एक डंपर को जब्त कर सीज कर दिया।
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
बदायूं की दातागंज पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। इंस्पेक्टर वेदपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेत (बालू) से भरे एक डंपर को जब्त कर सीज कर दिया।
यह कार्रवाई तब हुई जब उप निरीक्षक सन्नी चौधरी क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। उन्हें अवैध रूप से बालू परिवहन की सूचना मिली। टीम ने घेराबंदी कर डंपर को रोका। जांच के दौरान, डंपर चालक अमित पुत्र अनिल, निवासी जवाहरपुरी, जनपद बदायूँ, बालू के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने तत्काल डंपर को सीज कर दिया और इसकी विस्तृत रिपोर्ट खनन अधिकारी को भेज दी है।
कोतवाली दातागंज प्रभारी इंस्पेक्टर वेदपाल सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध खनन के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में अवैध परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन विभाग को भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
क्षेत्र में काफी समय से भारी वाहनों की अवैध आवाजाही बढ़ गई थी। इस कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में खलबली मच गई है।




