एक पेड़ माँ के नाम महाअभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया,, दातागंज विधायक रहे मुख्य अतिथि
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
दातागंज – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संकल्प से संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान के अन्तर्गत रविवार को सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, दातागंज द्वारा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता कर पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके संरक्षण का संकल्प भी लेना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि जनभागीदारी से ही वृक्षारोपण अभियान सफल होगा और हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध उत्तर प्रदेश के निर्माण का लक्ष्य साकार होगा। विधायक ने सभी क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महंत परमात्मा दास, उप जिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह, वन क्षेत्राधिकारी अभिनव शरण, उप वन क्षेत्राधिकारी अमित सोलंकी, प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्षा पति अनूप गुप्ता, पूर्व प्रधान हेमचंद्र गौतम, नामित सभासद अंशुल सागर, प्रभात सिंह, राजेश प्रजापति, पूर्व प्रधान राजभान सिंह (बबलू), शिव कुमार सिंह, देवेश तोमर, सचिन चौहान, गुड्डू यादव, मनोज पाल, बीडीसी अभिषेक सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।


