डेढ़ महीने से लापता महिला की हत्या का खुलासा, पति समेत तीन गिरफ्तार
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली – रविवार बदायूं जिले की बिसौली कोतवाली पुलिस ने डेढ़ महीने से लापता महिला की गुमशुदगी के मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार महिला की हत्या उसके पति और उसके साथियों ने मिलकर की थी। हत्या के बाद शव को पहले घर के आंगन में बने गटर में छिपाया गया और बाद में श्मशान घाट ले जाकर जला दिया गया, ताकि सभी साक्ष्य नष्ट किए जा सकें।
कमरे में गला घोंटकर की हत्या
जांच में सामने आया कि 1-2 जून की रात सत्यवती यादव की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को कुछ दिनों तक घर में छिपाकर रखा गया और बाद में मोटरसाइकिल से श्मशान घाट ले जाकर जला दिया गया। अवशेषों को सोत नदी में फेंक दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, रसूलपुर पट्टी निवासी राजवीर सिंह यादव ने अपनी बेटी सत्यवती यादव की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामला हत्या का निकला।
*टूटी चूड़ियां और गहने बने अहम सुराग*
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टूटी चूड़ियों के टुकड़े, पायल, बिछुए, सिंदूर, गमछा, कपड़े, फावड़ा, तसला, बाल्टी, मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
*पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार*
मुख्य आरोपी जयसिंह यादव, रामभान यादव और चंदेले यादव उर्फ झखड़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में नामजद दो अन्य आरोपी सर्वेश यादव और विजय यादव उर्फ छोटू की तलाश जारी है।
*साक्ष्य मिटाने की धाराएं बढ़ाई*
पुलिस ने बताया कि साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराएं भी मुकदमे में बढ़ा दी गई हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जांच में सामने आने वाले प्रत्येक तथ्य के आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

