प्रेमिका की शादी से आहत प्रेमी पेट्रोल की बोतल लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा
बबराला से अनिरुद्ध भारद्वाज की रिपोर्ट

बबराला जुनावई थाना क्षेत्र के गांव दबथरा हरकिशन में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेमिका की शादी से नाराज एक युवक हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़े युवक ने खुद को आग लगाने और नीचे कूदने की धमकी देनी शुरू कर दी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मुकेश (24 वर्ष) अपनी प्रेमिका की शादी तय होने से क्षुब्ध था। इसी बात से नाराज होकर वह गांव में लगे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। मुकेश को टावर पर चढ़ा देख परिजनों और ग्रामीणों के हाथ-पांव फूल गए। परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक उसे समझा-बुझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। सफलता न मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सीओ अंकित मिश्रा और जुनावई थाना प्रभारी धीरज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुकेश से संवाद स्थापित किया और परिजनों के माध्यम से उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास तेज किए। मौके पर मुकेश की मां, बड़े भाई और छोटे भाई सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।दो घण्टे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। थाना प्रभारी धीरज कुमार सिंह ने बताया कि युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और परिजनों के सहयोग से उसे दो घण्टे मे समझाकर सकुशल नीचे उतार लिया।
अनिरुद्ध भारद्वाज बबराला की रिपोर्ट




