आजाद गर्ल्स इंटर कॉलेज में स्वास्थ्य एवं शिक्षा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित!
सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट

सम्भल जिला के नगर सम्भल के दीपा सराय स्थित आजाद गर्ल्स इंटर कॉलेज में गरिमा समाज सेवा समिति फाउंडेशन, हापुड़ एवं कैंब्रिज अकैडमी ऑफ फॉरेन स्टडीज, सम्भल के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य एवं शिक्षा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने बड़े उत्साह और ऊर्जा के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के समापन पर विजेता छात्राओं को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, शिक्षा के महत्व को समझाना तथा उनके सामान्य ज्ञान के स्तर को सुदृढ़ बनाना था। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
प्रथम स्थान: जुबिया रजा,
द्वितीय स्थान: समरा शहरयार,
तृतीय स्थान: शिफा निशत,
पुरस्कार वितरण समारोह में गरिमा समाज सेवा समिति फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री अशोक मित्तल ने विजेता छात्राओं को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए श्री अशोक मित्तल ने कहा, “स्वास्थ्य और शिक्षा किसी भी समाज की उन्नति के मुख्य स्तंभ हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों का मानसिक विकास होता है, उनके ज्ञान में वृद्धि होती है तथा उनमें आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना विकसित होती है। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा के साथ -साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है।”
प्रतियोगिता के सफल संचालन एवं मार्ग दर्शन में कैंब्रिज अकैडमी ऑफ फॉरेन स्टडीज की अध्यापिका मुस्कान का विशेष सहयोग रहा।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या तजवर ने गरिमा समाज सेवा समिति फाउंडेशन, हापुड़ एवं कैंब्रिज अकैडमी ऑफ फॉरेन स्टडीज, सम्भल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस आयोजन को छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।इस अवसर पर विद्यालय की हसीन अख्तर, साबिया खातून, इमराना परवीन सहित समस्त शिक्षकगण, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
(सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट)

