दातागंज विधायक ने पूरी की जनगणना 2027 की स्व-गणना प्रक्रिया, नागरिकों से की अपील
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

संवाददाता हुकुम सिंह
दातागंज (बदायूं)। जनगणना 2027 के अंतर्गत चल रही स्व-गणना प्रक्रिया को लेकर दातागंज विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया) ने सोमवार को अपनी स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज कर स्व-गणना पहचान संख्या प्राप्त की।
इस अवसर पर विधायक बब्बू भैया ने कहा कि जनगणना देश के विकास और भविष्य की योजनाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है।
उन्होंने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आम नागरिकों के लिए ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। विधानसभा क्षेत्र के सभी नागरिक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे स्व-गणना कर सकते हैं।
विधायक ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने परिवार के सभी सदस्यों की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें। उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। इससे जनगणना कार्य को सरल, सुगम और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

