संविधान दिवस पर जनपद के 40 चयनित स्थलों पर महापुरुषों एवं समाज सुधारकों की प्रतिमाओं के शिलान्यास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ!
सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लोकभवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का चयनित स्थलों पर हुआ सजीव प्रसारण, संविधान की उद्देशिका का किया गया सामूहिक पाठन!
सम्भल जिला मुख्यालय पर आज26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत जनपद सम्भल के 40 चयनित स्थलों पर महापुरुषों, समाज सुधारकों एवं सामाजिक न्याय के प्रणेता की प्रतिमाओं के शिलान्यास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर लोकभवन, लखनऊ में .मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित कार्यक्रम का सभी चयनित स्थलों पर सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।
कार्यक्रम के दौरान.मुख्यमंत्री द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान की उद्देशिका का पाठन किया गया तथा डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत प्रतिमाओं एवं उनसे संबंधित सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया गया। इसके उपरांत चयनित स्थलों पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।जनपद के नरौली नगर पंचायत में महाराणा प्रताप जी की प्रतिमा के कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव एवं माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी के प्रतिनिधि रामपाल सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं मढ़न में डॉ भीमराव अम्बेडकर जी की प्रतिमा को लेकर आयोजित कार्यक्रम में जिला महामंत्री हरिओम शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी तिनेज कुमार उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त जनपद के अन्य चयनित स्थलों पर भी स्थानीय जन प्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, संबंधित ग्राम प्रधानों, वार्ड सदस्यों, स्थानीय जन प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी स्थलों पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया गया तथा संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठन किया गया।डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना का उद्देश्य महापुरुषों एवं समाज सुधारकों के विचारों, आदर्शों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाना तथा उनके जीवन से नई पीढ़ी को प्रेरणा प्रदान करना है।
(सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट)


