संभल
Trending

गंगा मेला सिसौना डांडा की तैयारियों का डीएम एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश! 

सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट

 

 

 

सम्भल जिला के रजपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिसौना डांडा गंगा घाट का आज 19 नवंबर को जिला पंचायत सम्भल के प्रबंधाधीन तहसील गुन्नौर के विकासखंड रजपुरा स्थित सिसौना डांडा में 22 से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले गंगा मेला की तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर डी एम अंकित खण्डेलवाल तथा पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं आकर्षक ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मेला स्थल पर विभागीय कैंपों, गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग, वॉच टावर एवं गोताखोरों की तैनाती के संबंध में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही गंगा आरती के आयोजन को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मेला की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने मेला व्यवस्था के मानचित्र का अवलोकन करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की।

सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विशेष जोर:-

जिलाधिकारी ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीसीटीवी कैमरे, पुलिस बल, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। झूलों के संचालन के लिए आवश्यक एनओसी प्राप्त करने तथा विद्युत सुरक्षा अधिकारियों से विद्युत कनेक्शन एवं वायरिंग की जांच कराने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि मेला स्थल पर अपने कैंपों में भोजन बनाने के लिए गैस सिलेंडर आदि का प्रयोग करने वाले श्रद्धालुओं को भी चिन्हित किया जाए, ताकि अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जा सकें।

उन्होंने अस्थायी शौचालयों, मोबाइल टॉयलेट, मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, पेयजल एवं अग्निशमन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि राजघाट बबराला, असदपुर, साधुमणि एवं सांकरा घाटों पर भी आवश्यक बैरिकेडिंग की जाए।नगर पालिका एवं नगर पंचायतों को मेला स्थल पर पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती करने तथा उनकी ड्यूटी शिफ्टवार निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। दुकानदारों को निर्धारित स्थलों पर ही अस्थायी दुकानों का आवंटन सुनिश्चित करने को कहा गया।

शासकीय योजनाओं की प्रदर्शनी, पुष्प प्रदर्शनी एवं लेजर शो होंगे आकर्षण का केंद्र

जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लगाए जाने वाले स्टॉल एवं प्रदर्शनियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपनी योजनाओं से संबंधित कम से कम एक मॉडल तैयार कर प्रदर्शित करे, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को योजनाओं की जानकारी मिल सके।

जिला उद्यान अधिकारी को विभिन्न प्रजातियों के फूलों की आकर्षक पुष्प प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए। पंचायती राज विभाग को भी अपने विभाग से संबंधित प्रदर्शनी लगाने को कहा गया। इसके अतिरिक्त मेले में लेजर शो, 24 कोसीय परिक्रमा का मॉडल तथा जनपद की नदियों वर्धमार एवं महिष्मती सहित अन्य नदियों के पुनरुद्धार से संबंधित कार्यों का प्रदर्शन भी कराया जाएगा। जनगणना-2027 के प्रति जागरूकता के लिए विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने मेला उद्घघाटन दिवस पर आकर्षक रंगोली एवं कैंडिल सज्जा कराने तथा परिसर में डेकोरेटिव लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पिलर कटआउट एवं फूलों के पैनल के माध्यम से मेला स्थल को आकर्षक ढंग से सजाने के निर्देश दिए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं जनसुविधाओं की भी होगी बेहतर व्यवस्था

जिलाधिकारी ने मेले में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मेला स्थल पर एलईडी स्क्रीन लगाने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालु विभिन्न कार्यक्रमों का सुचारु रूप से अवलोकन कर सकें। वन विभाग के अधिकारियों को मेला स्थल के आसपास फॉरेस्ट कॉम्बिंग कराने के निर्देश दिए।

मेले में पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम, खोया-पाया केंद्र तथा एनएसएस, स्काउट एवं एनसीसी के स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वयंसेवकों को टॉर्च एवं सीटी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं की सहायता एवं भीड़ प्रबंधन में सहयोग मिल सके। पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति से संबंधित पंडाल की व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत आशीष सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

(सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!