मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां का निधन, मां के अंतिम दर्शन कर भावुक हुए योगी
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

पौड़ी गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह 10:45 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं और पिछले करीब एक वर्ष से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए और सभी कार्यक्रम छोड़कर अपने पैतृक गांव पंचूर के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उस समय मां के निधन की सूचना मिली, जब वह एक कार्यक्रम में शामिल थे। सूचना मिलते ही उन्होंने कार्यक्रम पूरा किया और उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। पंचूर गांव पहुंचकर उन्होंने अपनी मां के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान वह काफी भावुक नजर आए। मां के पार्थिव शरीर के पास खड़े होकर उन्होंने कुछ देर तक एकटक निहारा और भावुक मन से केवल एक शब्द लिखा मां।परिजनों के अनुसार, सावित्री देवी लंबे समय से अस्वस्थ थीं। शुक्रवार सुबह उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन के समय घर पर मुख्यमंत्री के भाई महेंद्र सिंह और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।
शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फोन कर उनकी माता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संवेदना प्रकट की।
