बिसौली क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन घायल,, उपचार जारी
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट


बिसौली, बदायूँ।_ बिसौली क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ही मामलों में टक्कर मारने वाले वाहन चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर अज्ञात वाहन चालकों की तलाश में जुटी ।
*पहला हादसा: आंवला रोड पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर*
पहला हादसा आंवला रोड पर गांव धरमपुर व भवानीपुर रोड के पास हुआ। ग्राम कंजुआ थाना वजीरगंज निवासी रामवीर पुत्र सोहनपाल बिसौली से अपने गांव जा रहे थे। तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित फरार हो गया। हादसे में रामवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
*दूसरा हादसा: दबतोरी के पास बाइक सवार ने मारी टक्कर*
दूसरा हादसा दबतोरी के पास हुआ। ग्राम अढुपुरा थाना बिसौली निवासी जगदीश पुत्र लक्ष्मण और राजवीर पुत्र नेकपाल किसी काम से लक्ष्मीपुर गए थे। वापस लौटते समय सामने से आए अज्ञात बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 108 ने दोनों घायलों को बिसौली सीएचसी में भर्ती कराया जहाँ उपस्थित डॉक्टरों द्वारा घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया तथा घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई।



