डीएवी बबराला में संविधान दिवस पर संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश
बबराला से अनिरुद्ध भारद्वाज की रिपोर्ट

बबराला डीएवी फर्टिलाइजर पब्लिक स्कूल, बबराला में संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा सहित विविध शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्त्व एवं संविधान निर्माण की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने संविधान के मूल आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ ली। संविधान की प्रमुख विशेषताओं, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य आनन्द स्वरूप सारस्वत ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का आधार है। यह हमें अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन की भी प्रेरणा देता है। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्श केवल शब्द नहीं, बल्कि एक आदर्श समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण का संकल्प हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन मूल्यों को अपने आचरण में आत्मसात कर जागरूक, संवेदनशील एवं उत्तरदायी नागरिक बनने का आह्वान किया।
विद्यालय के चेयरमैन एवं यारा फर्टिलाइजर्स फैक्ट्री के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एम. एस. प्रसाद ने अपने संदेश में कहा कि संविधान दिवस हमें राष्ट्र के उन महान निर्माताओं के दूरदर्शी चिंतन और अतुलनीय योगदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने भारत को एक सशक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रदान की। संविधान हमारे राष्ट्रीय जीवन का मार्गदर्शक है, जो अधिकारों के साथ कर्तव्यों के संतुलन और विविधता में एकता की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
अनिरुद्ध भारद्वाज बबराला की रिपोर्ट




