धान की रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा, एक दर्जन से अधिक बच्चे दबे, 2 बच्चों की हालत गंभीर
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बदायूँ के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया सतासी में शनिवार को 9 बजे करीब धान की रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बड़ा हादसा हो गया। ट्रॉली में करीब 15 बच्चे सवार थे। अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक दर्जन से अधिक लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और ट्रैक्टर व ट्रॉली के नीचे दबे बच्चों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में दो बच्चों की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम बिसौली, नायब तहसीलदार, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना, उपचार व्यवस्था का निरीक्षण किया और हादसे की जानकारी जुटाई। एसडीएम ने बताया कि ट्रॉली में लगभग 15 बच्चे सवार थे। दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में चिंता और दहशत का माहौल है।

