नवागत उपजिलाधिकारी प्रियंका कुमारी ने संभाला कार्यभार
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली। बिसौली तहसील को नई उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में श्रीमती प्रियंका कुमारी की तैनाती की गई है। उन्होंने शनिवार को बिसौली तहसील पहुंचकर विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। उनके आगमन पर तहसील प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यभार संभालने के बाद नवागत एसडीएम श्रीमती प्रियंका कुमारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, निष्पक्ष एवं जनहितकारी प्रशासन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए।
नवागत एसडीएम के आगमन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा तहसील प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

