बिसौली के सर्वा गांव में डेंगू-वायरल बुखार का प्रकोप, अधिकारियों ने इलाज करा रहे मरीजों का हाल चाल जाना
बिसौली शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली तहसील क्षेत्र के सर्वा गांव में बीते कई दिनों से डेंगू और वायरल बुखार का प्रकोप बना हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में करीब 100 से अधिक लोग बुखार की चपेट में आ चुके हैं। लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव में सक्रिय हैं।मंगलवार को जिला सर्विलांस अधिकारी मोहम्मद तहसीन और मंडलीय सर्विलांस अधिकारी बरेली डॉ. अखिलेश ने बिसौली नगर के एक निजी अस्पताल में पहुंचकर सर्वा गांव के डेंगू और वायरल बुखार से पीड़ित मरीजों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने मरीजों से उनकी बीमारी, जांच और उपचार के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि सर्वा गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीमें गठित कर तैनात कर दी गई हैं। टीमें लगातार गांव में पहुंचकर बुखार से पीड़ित और संदिग्ध मरीजों की जांच कर रही हैं। साथ ही मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी वितरित की जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।