बदायूं में डबल मर्डर से मचा हड़कंप, विधवा महिला और पांच वर्षीय मासूम की हत्या से गांव में दहशत
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

बदायूं। जनपद के विनावर थाना क्षेत्र के गांव कान्हा नगला में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के अंदर विधवा महिला और उसके पांच वर्षीय मासूम धेवते के शव मिलने की खबर सामने आई। दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान बानो (38 वर्ष), पत्नी बन्दे हसन, तथा उनके धेवते मोहम्मद आरिफ (5 वर्ष), पुत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बानो विधवा थीं और अपने परिवार के साथ रह रही थीं।
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों ने पहले घर में लूटपाट की और फिर पहचान उजागर होने के डर से नानी और मासूम धेवते की हत्या कर दी। यह भी चर्चा है कि बदमाश महिला के कानों से कुंडल लूटकर ले गए। हालांकि, लूटपाट और हत्या के पीछे की वजह को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ग्रामीण घटना को बीती रात का बता रहे हैं। शनिवार सुबह दोनों के शव घर में मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी की बात भी सामने आई है।
सूचना मिलने पर सीओ सिटी सुमेध मिलिंद और विनावर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गए। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एक ही घर में दो लोगों, जिनमें पांच साल का मासूम भी शामिल है, की हत्या से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की तथा लूटपाट की चर्चा में कितनी सच्चाई है।
फिलहाल इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
