13 वर्षीय किशोरी से दरिंदगी के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
वजीरगंज थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में लगी गोली
बदायूं जनपद के वजीरगंज थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान परवेज पुत्र छुन्ने, निवासी मोहल्ला तकिया, कस्बा व थाना वजीरगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की तलाश में अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान आंवला रोड स्थित कुंवरगांव चौराहे के पास पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। पुलिस ने रविवार को बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें आरक्षी प्रवेंद्र कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल सिपाही और आरोपी दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि उपचार और अन्य विधिक कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।



