बिसौली
Trending

नूरपुर में कुराबंदी के दौरान हंगामा, महिलाओं ने लगाया जाम, एक महिला बेहोश

बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

 

बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नूरपुर में गुरुवार को एसडीएम साई आश्रित शाखमुरी के आदेश पर चल रही कुराबंदी (सीमांकन) की कार्रवाई के दौरान विवाद खड़ा हो गया। राजस्व टीम के मौके पर पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिसके बाद महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बिसौली-बिल्सी मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया और स्थिति को सामान्य किया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम नूरपुर निवासी दो सगे भाइयों मुंशीलाल और ओमप्रकाश के बीच भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के निस्तारण के लिए एसडीएम के निर्देश पर कानूनगो दलवीर सिंह तथा दरोगा धूम सिंह राजस्व टीम के साथ कुराबंदी कराने पहुंचे थे। बताया जाता है कि जब राजस्व कर्मी भूमि की नापजोख कर रहे थे, तभी दो दर्जन से अधिक महिलाएं मौके पर पहुंच गईं और कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

राजस्व अधिकारियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मानीं। इसी दौरान माया, पत्नी फूल सिंह, अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद महिलाओं ने राजस्व टीम पर पक्षपात करने तथा पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए बिसौली-बिल्सी रोड पर बैठकर जाम लगा दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

जाम की सूचना मिलते ही कोतवाल कमलेश मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं से वार्ता कर उन्हें शांत कराया और सड़क से जाम हटवाया। बेहोश हुई माया को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

कोतवाल कमलेश मिश्र ने बताया कि महिलाओं द्वारा सड़क जाम किए जाने की सूचना मिली थी। मामले की जांच कराई जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!