मुख्य निरीक्षक द्वारा उप संभागीय परिवहन कार्यालय, बदायूं का किया गया निरीक्षण
आसफपुर से दानवीर सिंह की रिपोर्ट
बदायूं। मुख्य निरीक्षक, राजकीय कार्यालय (प्रशासनिक सुधार विभाग), उत्तर प्रदेश द्वारा उप संभागीय परिवहन कार्यालय, बदायूं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में संचालित विभिन्न प्रशासनिक एवं जनहितकारी कार्यों, अभिलेखों के रख-रखाव तथा कार्यालयीय व्यवस्थाओं का विस्तृत परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान वाहन पंजीयन, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, फिटनेस, कर वसूली, प्रवर्तन कार्यवाही तथा कार्यालय में प्राप्त होने वाले जनसामान्य के प्रार्थना-पत्रों/आवेदनों के निस्तारण की स्थिति का अवलोकन किया गया। साथ ही कार्यालय में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य निरीक्षक द्वारा कार्यालय में अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव, पत्रावलियों के सुरक्षित संरक्षण, कार्यालय परिसर की स्वच्छता तथा कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए गए। जनसामान्य को शासन द्वारा निर्धारित सेवाएं पारदर्शी एवं सुगम रूप से उपलब्ध कराने तथा अनावश्यक रूप से किसी भी प्रकरण को लंबित न रखने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय में संचालित ऑनलाइन/फेसलेस सेवाओं की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
मुख्य निरीक्षक ने कार्यालयीय कार्यों में शासनादेशों एवं निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।निरीक्षण के अंत में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यालय में आने वाले नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्यालयीय कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए, निरीक्षण के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम, यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी,प्रधान सहायक असीम रजा एवं कार्यालय में कार्यरत कनिष्ठ सहायकों के साथ-साथ प्रवर्तन सिपाही उपस्थित रहे।




