सिद्ध बाबा इंटर कॉलेज में मनाया गया एनएसएस स्थापना दिवस, स्वयंसेवकों ने किया पौधारोपण
आसफपुर से दानवीर सिंह की रिपोर्ट
*बिसौली-* सिद्ध बाबा इंटर कॉलेज शरह बरौलिया में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी अनमोल उपाध्याय ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना, उसके उद्देश्य और महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि एनएसएस का मूल मंत्र “स्वयं से पहले आप” है, जो छात्रों में सेवा भाव, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। सेवा भाव से ही सच्चे नागरिक का निर्माण होता है।
कार्यक्रम के अंत में एनएसएस स्वयंसेवकों और शिक्षकों द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। छात्राओं ने पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लिया।
इस अवसर पर रामौतार मौर्य, विप्लव भारती सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


