
बिसौली। समाजवादी पार्टी के युवा संगठन मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से दो युवा चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्राम रायपुर जगमन निवासी राव गौरव यादव एवं रानेट-गोविन्दपुर निवासी रजत यादव को मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
राव गौरव यादव वर्तमान में परौली क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी के रूप में भी सक्रिय हैं। पार्टी द्वारा उन्हें जिला उपाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने पर क्षेत्र के युवाओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। गौरव यादव ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन को मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और समाजवादी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
वहीं रजत यादव, निवासी रानेट-गोविन्दपुर, युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान रखते हैं। वह नागपुर में फिजिकल अकादमी संचालित करते हैं, जहां बच्चों एवं युवाओं को आर्मी, पुलिस तथा अन्य सरकारी सेवाओं की शारीरिक तैयारी कराई जाती है। रजत यादव लंबे समय से युवाओं को अनुशासन, फिटनेस और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
दोनों युवा नेताओं को जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर क्षेत्र के समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और दोनों नवनियुक्त जिला उपाध्यक्षों को शुभकामनाएं दीं।
पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी तथा आने वाले समय में युवाओं की भागीदारी भी बढ़ेगी।



