बदायूं में कांग्रेस ने शुरू किया वोटर लिस्ट का सत्यापन, 1 नवंबर की रैली की तैयारी तेज
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

संवाददाता हुकुम सिंह
बदायूं। पीलीभीत मॉडल के सामने आने के बाद कांग्रेस ने जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में बूथवार मतदाता सूची के सत्यापन का अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। इसके तहत सूची में दर्ज नामों की जांच के साथ ही मतदाताओं को मतदान संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को सामने लाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करना है।
बैठक में आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की गई। कांग्रेस नेताओं के अनुसार रैली वोट चोरी के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित की जा रही है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि रैली में बदायूं से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल होंगे। इसके लिए जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। गांव-गांव चौपाल आयोजित कर लोगों को रैली के उद्देश्य की जानकारी देने के साथ दिल्ली पहुंचने की अपील की जाएगी। बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।



