दो ग्राम पंचायतों में लगी ग्राम चौपाल, विधायक बब्बू भैया ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

संवाददाता हुकुम सिंह
दातागंज-बदायूं। शासन के निर्देश पर जनसमस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए विकासखंड समरेर की ग्राम पंचायत मुझियाना तथा विकासखंड उसावां की ग्राम पंचायत खेड़ा किशन खाम में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। दोनों चौपालों में क्षेत्रीय भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया) ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
चौपाल में राजस्व, ग्राम्य विकास, खाद्य एवं रसद, कृषि, बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का उद्देश्य गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं और शासन की सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को किसान सम्मान निधि, राशन, आवास, पेंशन और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय से मिले। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
इस दौरान ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

