दातागंज (बदायूं)
Trending

दातागंज में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अन्तर्गत तहसील स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ।

दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

बदायूँ – बुधवार को दातागंज में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अन्तर्गत तहसील स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्बोधन को सुना।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए डीबीटी धनराशि वितरण कार्यक्रम तथा लाभार्थी शिक्षकों, शिक्षामित्रों,अनुदेशकों एवं पीएम पोषण योजना के रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ शिक्षक कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, अनुदानित विद्यालयों के शिक्षक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षक-शिक्षिका, पीएम पोषण योजना के रसोइया एवं उनके आश्रितों सहित माध्यमिक एवं व्यावसायिक शिक्षा के शिक्षकों और उनके परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा का लाभ मिलेगा।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है। शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और उनके सम्मान, सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के उद्देश्य से योगी सरकार डीबीटी व्यवस्था के माध्यम से विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी आदि के लिए धनराशि सीधे उनके खातों में भेज रही है।

कार्यक्रम में ग्राम पलिया गूजर निवासी दिवंगत सतेन्द्र की माता श्रीमती प्रीति देवी को दैवीय आपदा राहत मद के अंतर्गत ₹4 लाख तथा ग्राम खानपुर दया निवासी दिवंगत सुनील की पत्नी श्रीमती कुसुम देवी को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत ₹5 लाख की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह, प्रभारी तहसीलदार जितेन्द्र कुमार, खण्ड शिक्षा अधिकारी दातागंज लक्ष्मी नारायण, खण्ड शिक्षा अधिकारी म्याऊँ, उसावां एवं समरेर के अलावा भाजपा पदाधिकारी देवेश तोमर, शैलेन्द्र सिंह तोमर एडवोकेट, संचालनकर्ता माधव सिंह अध्यापक, नगर लेखपाल हेम सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण, शिक्षामित्र, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!