समरेर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 154 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

संवाददाता हुकुम सिंह
दातागंज-बदायूं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार, 24 अक्टूबर को दातागंज तहसील क्षेत्र के राजकीय आईटीआई समरेर परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित समारोह में कुल 154 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 150 हिंदू और 4 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। सभी जोड़ों ने अपने-अपने धर्म एवं रीति-रिवाजों के अनुसार वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम सुबह सात बजे शुरू हुआ। समारोह में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया तथा उनके पुत्र एवं दातागंज ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह उर्फ अंकित भैया पहुंचे। दोनों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की मंगलकामना की।
कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी दातागंज सहित प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। अधिकारियों की निगरानी में समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक ही आयोजन में बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों के विवाह संपन्न होने से परिजनों में खुशी का माहौल रहा। समारोह के दौरान नवदंपतियों को शासन की ओर से निर्धारित वैवाहिक सामग्री एवं गृहस्थी का सामान भी उपलब्ध कराया गया।

