दातागंज में मंत्री राकेश राठौर और विधायक बब्बू भैया ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट


संवाददाता हुकुम सिंह

दातागंज, बदायूं। नगर पालिका परिषद दातागंज में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास राज्य मंत्री राकेश कुमार राठौर ‘गुरु’ और विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने दानवीर भामाशाह की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही परा स्थित कान्हा गौशाला और शिव मंदिर हॉल का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।
कार्यक्रम में अतिथियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। नगर विकास राज्य मंत्री ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि दातागंज विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दानवीर भामाशाह का त्याग और समर्पण समाज सेवा की प्रेरणा देता है। कान्हा गौशाला से गोवंश संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, जबकि शिव मंदिर हॉल से धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सुविधा होगी।
इस अवसर पर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हीरालाल कश्यप, ब्लॉक प्रमुख अतेन्द्र विक्रम सिंह, महेश राठौर, अनूप कुमार गुप्ता, तेजपाल सागर सहित भाजपा पदाधिकारी, सभासद, व्यापारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
