एमएफ हाइवे पर गड्ढे होने से अनियंत्रित होकर फिसली बाइक,, एक युवक हुआ घायल
वजीरगंज से प्रदीप पाल की रिपोर्ट

वजीरगंज। बदायूं-मुरादाबाद एमएफ हाईवे पर नदवारी के पास एचपी पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा, सड़क पर सौ से अधिक गड्ढे होने का आरोप। बदायूं-मुरादाबाद एमएफ हाईवे पर सड़क के गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। मंगलवार को गांव नदवारी के पास एचपी पेट्रोल पंप के समीप सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बाइक का पहिया पड़ने से बाइक फिसल गई। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया।स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाईवे पर लंबे समय से सड़क की हालत खराब है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इससे आए दिन बाइक सवार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इससे पहले भी इसी स्थान के पास सड़क के गड्ढे में बाइक फिसलने से एक दंपति घायल हो चुका है।ग्रामीणों का आरोप है कि बदायूं-मुरादाबाद एमएफ हाईवे पर सौ से अधिक गड्ढे दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं, लेकिन लोक निर्माण विभाग की ओर से अब तक स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई है। सड़क की बदहाल स्थिति से वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।




