संभल
Trending

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027: प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं, पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाएं अधिकारी – रोल ऑब्जर्वर (मण्डलायुक्त मुरादाबाद मण्डल)! 

सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट

 

 

सम्भल जिला में

आज पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, सम्भल में रोल ऑब्जर्वर एवं मण्डलायुक्त मुरादाबाद मण्डल  संगीता सिंह की अध्यक्षता में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। इनका निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा। पुनरीक्षण के अंतर्गत विशेष अभियान दिवस 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर 2026 को निर्धारित किए गए हैं। जनपद में कुल 1847 बूथ एवं 952 मतदान केंद्र हैं। उन्होंने विधानसभा क्षेत्रवार बीएलओ, सुपरवाइजर एवं बीएलए की तैनाती, मतदाताओं के विवरण, ईपी एवं जेंडर रेशियो तथा 17 से 27 नवंबर तक प्राप्त फार्म-6, 7 एवं 8 की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया।

मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाते हुए 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अथवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के फार्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। ग्राम पंचायत एवं विधानसभा की मतदाता सूचियों का आपस में मिलान कर उनमें मौजूद अंतर को चिन्हित करते हुए गैप दूर किया जाए।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहभागिता निभाएं। मण्डलायुक्त ने ईआरओ (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/उप जिलाधिकारी) को निर्देशित किया कि वे बीएलओ एवं सुपरवाइजर से प्रतिदिन प्रगति की जानकारी प्राप्त करें और कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। फार्म-8, मतदाताओं की शिफ्टिंग एवं डुप्लीकेसी के मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्य की प्रभावी निगरानी के लिए ईआरओ, बीएलओ एवं सुपरवाइजर का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए, ताकि प्रतिदिन की प्रगति पर नजर रखी जा सके। बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ एवं अन्य कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आमजन को जागरूक किया जाए तथा निर्धारित लक्ष्य को समय से पूर्ण किया जाए।इस अवसर पर जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल, पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, उप जिलाधिकारी सम्भल विकास चन्द्र, उप जिलाधिकारी गुन्नौर अवधेश कुमार, उप जिलाधिकारी चंदौसी आशुतोष तिवारी, डिप्टी कलेक्टर नीरज कुमार द्विवेदी तथा राजनीतिक दलों की ओर से कांग्रेस जिलाध्यक्ष मो. आरिफ, भाजपा से अवधेश प्रताप सिंह, बसपा से थान सिंह मौर्य, सपा से फरदीन खान एवं आम आदमी पार्टी से सचिन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

(सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!