सहसवान (बदायूं)

एस.पी.एल टूर्नामेंट सीजन-5 का भव्य समापन, शाहिद अली खान सपा प्रदेश सचिव बोले- “युवा खेल के माध्यम से अपना भविष्य संवार सकते हैं”

 

संवाददाता काशिफ अली खान

सहसवान, बदायूं। प्रमोद संस्कृत महाविद्यालय के विशाल मैदान पर आयोजित सहसवान प्रीमियर लीग डे टूर्नामेंट सीजन-5 का समापन समारोह उत्साह, उमंग और रोमांच के बीच भव्य तरीके से आयोजित किया गया। पूरे कार्यक्रम में खिलाड़ियों का जोश देखने लायक था। फाइनल मुकाबले के दौरान मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने हर चौके-छक्के पर तालियों की गड़गड़ाहट एवं ढोल नगाड़े से माहौल को जीवंत कर दिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव शाहिद अली खान पहुंचे। एस.पी.एल कमेटी द्वारा उनका फूलमालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया गया और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। मंच पर उपस्थित खिलाड़ियों और दर्शकों ने तालियों की गूंज के बीच उनका अभिनंदन किया।खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए शाहिद अली खान ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, मेहनत और टीम भावना का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में खेल युवाओं को गलत आदतों और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देता है।
उन्होंने कहा, “जो युवा मैदान में पसीना बहाता है, वही जीवन में सफलता अर्जित करता है। खेल चरित्र निर्माण का माध्यम है, यह अनुशासन सिखाता है और जीत-हार से परे जीवन के हर संघर्ष को सामना करने की क्षमता विकसित करता है।”
शाहिद अली खान ने यह भी कहा कि सहसवान जैसे कस्बे में इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन होना बेहद प्रेरणादायक है। यह प्रयास न सिर्फ खेल प्रतिभाओं को मंच देता है, बल्कि युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने एसपीएल कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकजुटता, भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे मोबाइल और सोशल मीडिया पर समय नष्ट करने के बजाय खेल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, क्योंकि खेल व्यक्ति को मानसिक रूप से मजबूत और शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाता है। उन्होंने प्रशासन और समाज से भी आग्रह किया कि खेल सुविधाओं को बढ़ाने में सहयोग करें ताकि क्षेत्र से और अधिक खिलाड़ी बड़े मंचों पर चमक सकें।
समापन समारोह में एसपीएल कमेटी के सदस्य शाज़ेब खान, हसन मुख्तियार,काशिफ अली खान,वसीम खान,क़ासिद खान,मुनीर बाबू,शादाब मेंबर, नजम,जावेद चौधरी,जुबैर अहमद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और पूरे कार्यक्रम की सराहना की।
फाइनल मुकाबले में यावर की टीम ने 15 ओवर में 97 रन बनाए। जवाब में राजा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 98 रन बनाकर जीत दर्ज की। मैच के रोमांच ने दर्शकों को आखिरी गेंद तक बांधे रखा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!