
बिसौली में विद्युत संविदा कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया और ऊर्जा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। बताया गया कि मध्यांचल प्रबंधन द्वारा अपने ही आदेशों का उल्लंघन करते हुए मानक समिति की रिपोर्ट आने से पहले ही आउटसोर्स कर्मचारियों को कार्य से हटाकर नए कर्मचारियों को नियुक्त किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। कर्मचारियों के संगठन ने पूर्व में 11 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत करते हुए 7 अप्रैल 2026 तक समस्याओं के समाधान की मांग की थी, लेकिन समय सीमा बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके विरोध में 8 अप्रैल 2026 से प्रबंध निदेशक, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, लखनऊ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में विद्युत वितरण खंड बिसौली के अंतर्गत कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने भी पूर्ण समर्थन देते हुए अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक सांकेतिक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद कर्मचारियों ने अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी को ऊर्जा मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। साथ ही तहसील कार्यालय पहुंचकर नायब तहसीलदार गिरिजा शंकर यादव को भी ज्ञापन देकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




