डहरपुर में भारत गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का हंगामा, सिलेंडर न मिलने से बढ़ी परेशानी
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
दातागंज (बदायूं): दातागंज क्षेत्र की डहरपुर ग्राम पंचायत में स्थित भारत गैस एजेंसी पर शुक्रवार को उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गैस सिलेंडर लेने पहुंचे दर्जनों उपभोक्ताओं को एजेंसी संचालक द्वारा बिना किसी स्पष्ट कारण के सिलेंडर नहीं दिया गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई लोगों ने एक सप्ताह पहले ही गैस सिलेंडर बुक कराया था, इसके बावजूद उन्हें गैस नहीं दी गई। सुबह से एजेंसी पर लाइन लगाए खड़े लोगों को दोपहर करीब 12 बजे निराशा हाथ लगी, जब एजेंसी को अचानक बंद कर दिया गया और स्टाफ मौके से चला गया।
इस दौरान उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालक ओम नारायण से बात करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन भी रिसीव नहीं हुआ। नाराज लोगों ने एजेंसी के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और कहा कि बिना सूचना के एजेंसी बंद करना सरासर गलत है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, खासकर उन परिवारों को जिनके घर में गैस पूरी तरह खत्म हो चुकी है।
प्रशासन से मांग:
गुस्साए उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो।



