बदायूं-बरेली हाईवे पर भीषण सड़क हादसाः पिकअप ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, युवक की दर्दनाक मौत।
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बिनावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरेली- बदायूं हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ इकराम नगर गोटिया के समीप ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर- ट्रॉली में पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर- ट्रॉली पर बैठे एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।प्राप्त विवरण के अनुसार, जनपद बरेली के थाना भमोरा अंतर्गत ग्राम सिरोही निवासी राजवीर (उम्र 26 वर्ष), पुत्र विष्णु दयाल, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार था। ट्रैक्टर चालक चांद खां, जो कि सिरोही का ही निवासी है, थाना बिनावर के ग्राम बिलहत स्थित एक ईंट भट्टे से ईंटें लादकर बदायूं की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली इकराम नगर गोटिया के पास पहुँची, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक राजवीर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। हाईवे पर हुए इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।



