जमीनी विवाद से परेशान युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, पुलिस व ग्रामीणों ने समझाकर नीचे उतारा
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बदायूँ – मंगलवार को वजीरगंज थाना क्षेत्र के बरीपुरा गांव में जमीन विवाद से परेशान एक युवक गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक के टंकी पर चढ़ने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और काफी देर तक समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। पीड़ित युवक का आरोप है कि उसने अपने ताऊ को करीब एक बीघा जमीन ₹2 लाख में बेची थी, लेकिन तहसील में हुई प्रक्रिया के दौरान गलती चलते करीब 6 बीघा जमीन ताऊ के नाम दर्ज हो गई। जब युवक को इस बात की जानकारी तहसील पहुंचने पर हुई तो उसके होश उड़ गए।
युवक का कहना है कि वह लंबे समय से तहसील प्रशासन के चक्कर काट रहा था और अपनी बची हुई जमीन वापस दिलाने की गुहार लगा रहा था, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। वहीं जब उसने अपने ताऊ से अतिरिक्त जमीन वापस करने की बात कही तो उन्होंने आनाकानी शुरू कर दी। अपनी समस्या का समाधान न होने से परेशान युवक ने विरोध स्वरूप गांव की पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को कार्रवाई और जांच का भरोसा दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।



