सांप के डसने से महिला की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
वजीरगंज थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव मुड़िया सतासी में सांप के काटने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव मुड़िया सतासी निवासी मंजू पत्नी मुन्ना सिंह सोमवार शाम अपने घर में घरेलू कार्य कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें प्यास लगी। जैसे ही उन्होंने पानी पीने के लिए गिलास उठाया, तभी वहां मौजूद सांप ने उनके पैर में काट लिया। सांप के काटते ही महिला की हालत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली लेकर पहुंचे, जहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। गांव में घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।


