नींद की झपकी में रॉन्ग साइड पहुंचा ट्रक, पलटने से टला बड़ा हादसा। क्रेन की मदद से ट्रक में फंसे चालक को निकाला गया, चालक-हेल्पर घायल
वजीरगंज से प्रदीप पाल की रिपोर्ट
वजीरगंज। नींद की झपकी में रॉन्ग साइड पहुंचा ट्रक, पलटने से टला बड़ा हादसा।हैड्रा की मदद से ट्रक में फंसे चालक को निकाला गया, चालक-हेल्पर घायल। गंगा एक्सप्रेसवे पर गांव कंजुआ के पास गुरुवार सुबह चावल से भरा 18 टायर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और हेल्पर घायल हो गए। पलटने के बाद चालक ट्रक के अंदर फंस गया, जिसे मौके पर पहुंचे हैड्रा की मदद से बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी वजीरगंज ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक दिल्ली से चावल लेकर नेपाल जा रहा था। ट्रक में थाना सिंधौली क्षेत्र के शाहजहांपुर निवासी लक्ष्मीकांत और शेर सिंह सवार थे। बताया जा रहा है कि सफर के दौरान चालक को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की दूसरी दिशा में पहुंच गया और सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय हेल्पर वाहन चला रहा था, जबकि चालक सो रहा था।
ट्रक पलटने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गनीमत रही कि उस समय ट्रक की चपेट में कोई अन्य वाहन नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।