खेतों में टूटे पड़े 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से तीन भैंसों की हुई मौत,, मालिक भी झूलसा
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गलोथी गांव में एक बड़ा हादसा हो गया। खेतों में टूटे पड़े 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से तीन भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। भैंसों को बचाने गए उनके मालिक किसान नरेश भी मामूली रूप से झुलस गए।
यह घटना उस समय हुई जब किसान नरेश अपने बेटे मनोज के साथ भैंसों को चराने के लिए खेतों की ओर गए थे। दातागंज से बेला डाडी गांव तक जाने वाली यह 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गलौती गांव से होकर गुजरती है। रविवार सुबह ही इसका तार टूटकर नीचे गिर गया था।
ग्रामीणों ने बताया कि टूटे हुए तार को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन किसी ने भी इसकी मरम्मत नहीं की। जब नरेश की भैंसें टूटे तार के संपर्क में आईं, तो वे करंट लगने से तड़पने लगीं और मौके पर ही दम तोड़ दिया। भैंसों को बचाने के प्रयास में किसान नरेश भी तार की चपेट में आकर मामूली रूप से झुलस गए।
इस घटना की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह ने बताया कि किसान नरेश ने इस मामले में तहरीर दी है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मृत भैंसों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।


